
Pardarshi Vikas News Auraiya
दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बदलते मौसम के कारण वायरल बुखार, सर्दी-खांसी, टाइफाइड और सांस संबंधी बीमारियों के मामलों में तेजी आई है। एक ही दिन में 187 से अधिक नए मरीजों ने ओपीडी में पंजीकरण कराया, जबकि करीब 30 पुराने मरीज भी उपचार के लिए पहुंचे।
सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके तीमारदारों की लंबी कतारें लगी रहीं। पंजीकरण काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कक्षों तक भीड़ का दबाव बना रहा, जिससे कई मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। नगर क्षेत्र के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचे।
अस्पताल में जुकाम, खांसी, बुखार, वायरल फीवर, जोड़ों के दर्द और टाइफाइड से पीड़ित मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में अचानक बदलाव के कारण संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. सऊद अहमद और डॉ. रश्मि यादव ने लगातार मरीजों की जांच कर उपचार किया। स्टाफ नर्स अंशू शाक्य ने भी व्यवस्थाएं संभालीं।
डॉ. रश्मि यादव ने लोगों को धूप से बचने, स्वच्छ पानी पीने, हल्का व पौष्टिक भोजन करने और अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने की सलाह दी। पैथोलॉजी विभाग में भी जांच कराने वालों की लंबी कतारें देखी गईं।