
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर जनपद के जटहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत किन्नर पट्टी पुल के समीप रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दो बाइकें आमने-सामने से तेज रफ्तार में टकरा गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकें अत्यधिक गति में थीं, जिससे टक्कर इतनी जोरदार हुई कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सवार दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में विशुनपुरा बुजुर्ग गांव निवासी विकास गौतम (25) पुत्र हरिलाल, रोहित गौतम (19) पुत्र कमलेश, गुलशन गौतम, मैनेजर भारती तथा अवधेश गुप्ता (23) पुत्र हरेंद्र गुप्ता शामिल हैं।गंभीर रूप से घायल अवधेश गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अन्य तीन घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है और मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
