news-details

टक्कर के बाद डंपर चालक की पिटाई, वीडियो वायरल

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Hamirpur

हमीरपुर में नेशनल हाईवे-34 पर स्कूल वैन और डंपर की हल्की टक्कर के बाद जमकर हंगामा हो गया। गुस्साए स्कूल वैन चालक ने डंपर रोककर चालक की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के बेतवा पुल के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह एक स्कूल वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने वैन में हल्की टक्कर मार दी। टक्कर मामूली होने के बावजूद वैन चालक भड़क गया और उसने वाहन रोक दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वैन चालक सीधे डंपर पर चढ़ गया और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक कार सवार ने पूरी घटना मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

घटना के समय स्कूल वैन में बच्चे भी मौजूद बताए जा रहे हैं, जिससे लोगों ने नाराजगी जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर इस तरह की मारपीट से बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। दोनों वाहन चालकों की पहचान कर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।