
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया, 19 अगस्त 2026। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में कर-करेत्तर एवं स्टाफ के कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को वार्षिक लक्ष्य को मासिक लक्ष्यों में विभाजित कर प्रत्येक माह शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्राप्ति के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर विभाग को कर संकलन के साथ प्रवर्तन कार्रवाई में तेजी लाने और की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्टाम्प एवं पंजीयन, परिवहन तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों से भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व प्राप्त करने को कहा।नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में आवासों और दुकानों से निर्धारित शुल्क की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी उप जिलाधिकारियों को आरसी के सापेक्ष वसूली के लिए संग्रह अमीनों के लक्ष्य निर्धारित कर प्रतिदिन समीक्षा करने को कहा गया।डीएम ने राजस्व न्यायालयों में तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों का माह के अंत तक निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एक वर्ष से अधिक पुराने मामलों, अंश निर्धारण, संशोधन और फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को मानक विहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक के लिए सघन जांच अभियान चलाने और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को अनावश्यक परेशान न करने की हिदायत दी।