
PARDARSHI VIKASH NEWS Donald Trump ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने नाइजीरियाई सेना के साथ मिलकर आतंकी संगठन ISIS के दूसरे सबसे बड़े कमांडर अबू बिलाल अल मिनुकी को मार गिराया है। ट्रम्प के मुताबिक यह ऑपरेशन अफ्रीका में बेहद गुप्त तरीके से अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि अल मिनुकी लंबे समय से छिपा हुआ था और अमेरिकी एजेंसियां काफी समय से उस पर नजर रख रही थीं। ट्रम्प ने दावा किया कि उसके मारे जाने से ISIS के फंडिंग नेटवर्क और कमांड सिस्टम को बड़ा नुकसान पहुंचा है। हालांकि ऑपरेशन कहां और कब हुआ, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।अल मिनुकी को ISIS का संगठन और फंडिंग संभालने वाला अहम चेहरा माना जाता था। उसका जन्म Nigeria के बोर्नो राज्य में हुआ था। अमेरिका ने 2023 में उसे ‘स्पेशली डेजिग्नेटेड ग्लोबल टेररिस्ट’ घोषित किया था। नाइजीरिया में लंबे समय से बोको हराम और इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस जैसे आतंकी संगठन सक्रिय हैं, जिन्होंने हजारों लोगों की जान ली है। हाल ही में ISIS ने नाइजीरिया के अदामावा राज्य में हुए हमले की जिम्मेदारी भी ली थी, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक अल मिनुकी अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के खिलाफ हमलों की साजिश रच रहा था।