news-details

ट्रम्प का AI वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर बहस तेज

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक AI-जनरेटेड वीडियो शेयर किया, जिसमें वह भारत की सड़कों पर बाइक चलाते हुए नजर आ रहे हैं। करीब एक मिनट के इस वीडियो में ट्रम्प अलग-अलग कल्पनात्मक अंदाजों में दिखते हैं—कहीं वह रेगिस्तान में ऊंट की सवारी करते हैं, तो कहीं पैराग्लाइडिंग करते या एक शेर पर बैठे दिखाई देते हैं।वीडियो में एक दृश्य में ट्रम्प को स्पेससूट पहनकर चांद पर अमेरिकी झंडा लगाते हुए भी दिखाया गया है। इसके अलावा उनके चेहरे को पिज्जा, बस, होर्डिंग और माउंट रशमोर जैसे स्थानों पर भी एडिट किया गया है। बैकग्राउंड में चल रहे गाने में लगातार ट्रम्प की तारीफ करते हुए शब्द शामिल हैं, जिसमें दावा किया गया है कि दुनिया के कई देशों में लोग उन्हें पसंद करते हैं।रिपोर्ट्स के अनुसार यह गाना ‘एवरीबडी लव्स डोनाल्ड ट्रम्प’ ट्रुथ सोशल के एक यूजर द्वारा बनाया गया था और इसमें ट्रम्प का नाम दर्जनों बार लिया गया है। वीडियो शेयर होने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे मनोरंजक बताया, जबकि कई ने इसे राजनीतिक प्रचार और आत्म-प्रचार का उदाहरण कहा।यह पहला मौका नहीं है जब ट्रम्प ने AI-जनरेटेड कंटेंट साझा किया हो। इससे पहले भी वह खुद को विभिन्न काल्पनिक और ऐतिहासिक किरदारों के रूप में दिखाते हुए तस्वीरें पोस्ट कर चुके हैं, जिन पर विवाद भी हुआ था। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के कंटेंट से डिजिटल पर्सनैलिटी कल्ट की छवि मजबूत होती है और सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा बनाए रखने की कोशिश की जाती है।