
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से आईएएस कोचिंग के शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार घटना जाजमऊ गंगापुल पार करने के बाद रामादेवी की ओर जाने वाले फ्लाइओवर पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और बाद में फ्लाइओवर के पैदल ट्रैक से टकराकर रुकी।घायल शिक्षक की पहचान लखनऊ के विकास नगर निवासी शिशिर कुमार के रूप में हुई है, जो कोकाकोला चौराहा स्थित एक आईएएस कोचिंग में अध्यापन कार्य करते हैं। हादसे में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायल शिक्षक को कांशीराम अस्पताल भेजा। बाद में परिजनों और सहकर्मियों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।पुलिस के अनुसार ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।