
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर।
जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए यूपी कॉप पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। युवक अखिलेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपनी पिकअप लेकर हमीरपुर बस स्टॉप क्षेत्र से गुजर रहा था।उसका कहना है कि वाहन की नंबर प्लेट टूटकर निकल गई थी, जिसे वह दोबारा लगवाने जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वाहन रोक लिया और नंबर प्लेट न लगी होने का हवाला देकर चालान की बात कही।पीड़ित का आरोप है कि चालान से बचाने के नाम पर उससे पांच हजार रुपये की मांग की गई। रकम न देने पर सात हजार रुपये का चालान काट दिया गया। युवक का कहना है कि उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस समेत सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद थे, फिर भी कार्रवाई की गई।शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने की बजाय चालान पर अधिक जोर दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच का आश्वासन दिया है।