news-details

ट्रैफिक जाम कम करने को चला RTC अभियान

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में बढ़ती यातायात समस्या और जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के अंतर्गत शहर के कई प्रमुख चौराहों और मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान रावतपुर तिराहा, गुटैया क्रॉसिंग, कार्डियोलॉजी, गोल चौराहा, हैलट अस्पताल मार्ग, बड़ा चौराहा और परेड चौराहा समेत विभिन्न स्थानों की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर वाहनों का दबाव, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा और ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा चौराहों पर ट्रैफिक संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया। डीसीपी ट्रैफिक ने संबंधित अधिकारियों और यातायात कर्मियों को निर्देश दिए कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि RTC योजना का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके तहत जाम की समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष रणनीति के साथ यातायात संचालन को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर ट्रैफिक संचालन में सुधार के सुझाव भी दिए गए। ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी RTC योजना के अंतर्गत निरीक्षण और सुधार अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर एडीसीपी ट्रैफिक कपिल देव सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, संबंधित जोन टीआई और थाना कोतवाली पुलिस बल मौजूद रहा।