
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में करीब तीन वर्षों बाद डिजिटल एक्स-रे जांच सुविधा फिर से शुरू हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. हरिदत्त नेमी ने अत्याधुनिक एआई आधारित डिजिटल एक्स-रे मशीन का उद्घाटन किया।नई मशीन लगने से अब मरीजों को एक्स-रे जांच के लिए निजी केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा। पहले जहां डिजिटल एक्स-रे के लिए 500 से 700 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे, वहीं अब यह सुविधा सरकारी अस्पताल में उपलब्ध होने से मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी।उद्घाटन के दौरान सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे मरीज का पहला एक्स-रे किया गया। सीएमओ ने मशीन की कार्यप्रणाली और इसकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी भी ली।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज सचान ने बताया कि हाईवे किनारे स्थित होने के कारण सीएचसी में दुर्घटना और गंभीर मरीज अधिक आते हैं। ऐसे में डिजिटल एक्स-रे सुविधा शुरू होने से मरीजों को त्वरित जांच और बेहतर उपचार का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि एआई आधारित यह मशीन सभी प्रकार के एक्स-रे करने में सक्षम है और जांच की तस्वीर तुरंत स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाती है।कार्यक्रम में डॉ. नीलेश कुमार, डॉ. मिनी अवस्थी, एक्स-रे टेक्निशियन अरुण कुमार गुप्ता, डीआरए राकेश कुमार सहित अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा।