
PARDARSHI VIKASH NEWS पंजाब के मोहाली में अपने तीन बच्चों को नहर में फेंकने की आरोपी मां शकुंतला को अंतिम संस्कार के दौरान बच्चों का अंतिम दर्शन नहीं करने दिया गया। श्मशान घाट पहुंचे परिजनों ने कहा कि जिसने बच्चों की जान ली, उसे उनका चेहरा देखने का कोई अधिकार नहीं है। इस पर शकुंतला ने कहा कि उसने भी बच्चों के साथ नहर में छलांग लगाई थी, लेकिन लोगों ने उसे बचा लिया। उसने आरोप लगाया कि पति की नौ महीने पहले हुई मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करते थे। उसने कई लोगों और गांव के प्रधान से मदद मांगी, लेकिन कहीं से सहयोग नहीं मिला, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार, महिला अपने तीन बच्चों को मेला दिखाने के बहाने नहर पर ले गई थी। दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश जारी है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।