
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। केजीएमयू परिसर में पानी की टंकी की सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सफाई कार्य के दौरान करंट लगने से एक युवक राहुल की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और परिजनों व कर्मचारियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।जानकारी के अनुसार, राहुल को टंकी की सफाई के लिए अंदर उतारा गया था, जहां अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के साथी कर्मचारी और परिजन बड़ी संख्या में ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। वहां उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मुआवजे की मांग की।परिजनों का आरोप है कि राहुल को बिना सुरक्षा उपकरणों और सेफ्टी किट के टंकी में सफाई के लिए उतारा गया था। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।मृतक के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से न तो इंश्योरेंस कराया गया था और न ही पीएफ की सुविधा दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।