
PARDARSHI VIKASH NEWS ईद-उल-अजहा के मौके पर गुरुवार सुबह आगरा में शहरभर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। इसी क्रम में ताजमहल परिसर स्थित मस्जिद में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह करीब 8:45 बजे नमाज हुई। ताज के साए में हजारों नमाजियों ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।ईद के अवसर पर ताजमहल को तीन घंटे के लिए निशुल्क रखा गया, जिससे बड़ी संख्या में लोग परिसर पहुंचे। नमाज के दौरान एएसआई की टीम और पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रहे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में नमाजी ताजमहल परिसर पहुंचे। बच्चों में त्योहार को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। वहीं नाइजीरिया से आए पर्यटकों ने भी ताजमहल परिसर में नमाज अदा कर ईद का पर्व मनाया। मस्जिद ताजमहल कमेटी के अध्यक्ष सैयद इब्राहिम उस्ताद जैदी ने बताया कि गर्मी अधिक होने के कारण इस बार भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
ताजमहल के पूर्वी गेट के बाहर भी ईद की रौनक देखने को मिली। विभिन्न स्टॉलों पर लोगों ने खरीदारी की और उत्सवी माहौल बना रहा।
वहीं शाहगंज क्षेत्र में एडवोकेट गुल चमन शेरवानी ने बकरे की तस्वीर वाला केक काटकर जीव हत्या रोकने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि असली कुर्बानी इंसान के भीतर की बुराइयों को त्यागना है। उनकी इस पहल की हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने सराहना की।