
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को पत्नी जेनेट रूबियो और करीब 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने ताजमहल का दीदार किया। दोनों ने डायना बेंच पर बैठकर तस्वीरें खिंचवाईं और करीब 45 मिनट तक ताजमहल परिसर में घूमकर इसकी खूबसूरती को निहारा। 41 डिग्री तापमान के बावजूद रूबियो ने ताजमहल की नक्काशी और इतिहास में खास दिलचस्पी दिखाई। गाइड नितिन सिंह ने उन्हें स्मारक से जुड़ी कई ऐतिहासिक जानकारियां दीं। ताजमहल देखने के बाद जेनेट रूबियो ने इसे “बेहद खूबसूरत” बताया। दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और कुछ समय के लिए पर्यटकों की एंट्री भी रोक दी गई थी। विजिटर बुक में रूबियो ने लिखा, “दुनिया के सच्चे खजानों में से एक को देखने का अवसर देने के लिए धन्यवाद।” रूबियो शनिवार से चार दिन के भारत दौरे पर हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें अमेरिका आने का न्योता भी दिया है। माना जा रहा है कि यह दौरा भारत-अमेरिका रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।