
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति और उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक चला रहे युवक का दाहिना पैर कटकर अलग हो गया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।जानकारी के अनुसार नटकुर गांव निवासी माया देवी अपने पति राजेंद्र कुमार और बच्चे के साथ मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे परवर पूरब स्थित अपने मामा के घर आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रही थीं। जब उनका परिवार अनूप खेड़ा स्थित किसान पथ पुल के नीचे पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका दाहिना पैर कटकर अलग हो गया। वहीं माया देवी और उनका बच्चा भी हादसे में चोटिल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।तीनों घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर-2, पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां राजेंद्र कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।पीड़िता माया देवी की तहरीर पर बिजनौर थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।