
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मंधना-नारामऊ मार्ग पर हुआ, जहां विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर के आईआईटी सोसाइटी माधवपुरम निवासी अवनीश बरसाइतपुर स्थित एक शिक्षण संस्थान में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे। रविवार सुबह उन्होंने अपने पिता के कहने पर बच्चों को साथ लेकर मंधना कोठी के पास पुराने घर से सामान लेने गए थे। दोपहर करीब एक बजे वह चार बच्चों के साथ बाइक से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।टक्कर इतनी भीषण थी कि अवनीश और चारों बच्चे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को तत्काल हैलट अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान अवनीश की मौत हो गई। घायल बच्चों कृष्णा, अनाविका उर्फ रोली, अनुभव और शम्भवी का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे के बाद घायल बच्ची अनाविका ने किसी तरह अपने घर का फोन नंबर बताया, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में पत्नी अर्चना अपने पति और बच्चों को देखकर बेहोश हो गईं।पुलिस के अनुसार, लोडर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।