
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद युवक अनियंत्रित होकर आगे खड़ी डीसीएम से जा टकराया।मृतक की पहचान नटकुर निवासी बलदेव उर्फ शिवम (22) के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था। बुधवार दोपहर करीब 11:30 बजे वह सरोजनी नगर के दरोगा खेड़ा स्थित कानपुर रोड की ओर से किसान पथ होते हुए बाइक से घर लौट रहा था।गांव के पास किसान पथ पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर डीसीएम से जा भिड़ी। हादसे में बलदेव की मौके पर ही मौत हो गई।राहगीरों की सूचना पर बिजनौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।परिजनों के अनुसार, बलदेव अपने ननिहाल से लौट रहा था। उसके पिता की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी। परिवार में मां, भाई और बहन हैं। हादसे के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।