
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित कस्बा तिराहा पर रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अमृतपुर की ओर से आ रही कार ने तिराहा पर मुड़ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक और बाइक सवार के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची राजेपुर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा कार की तेज रफ्तार के कारण हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।