
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार डीसीएम ने ई-रिक्शा और कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन सभासद पति अशोक शाक्य और पुलिस ने पीछा कर तिकोना चौकी के पास उसे पकड़ लिया। चालक कथित रूप से शराब के नशे में था। घटना रकाबगंज खुर्द स्थित वाल्मीकि मंदिर मार्ग पर हुई, जहां डीसीएम पहले सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा से टकराई और फिर पास खड़ी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। कार मालिक पन्नालाल राजपूत और ई-रिक्शा चालक राकेश कुमार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूछताछ में चालक की पहचान चिलसरा निवासी अभिषेक के रूप में हुई, जिसने बताया कि वह एटा से कानपुर-गोंडा की ओर माल लेकर जा रहा था। थाना प्रभारी अजब सिंह ने कहा कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।