
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर में तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से घायल कपड़ा व्यापारी अमित कुमार (43) की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे डीसीएम चालक को राहगीरों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक और वाहन को कब्जे में ले लिया है।अशोक नगर निवासी अमित कुमार कपड़े के डिस्ट्रीब्यूटर थे और उनका गुमटी बाजार में गोदाम था। परिजनों के मुताबिक रविवार रात वह बाइक से घर लौट रहे थे। एपीएम हॉस्पिटल मेट्रो स्टेशन के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक ने भागने के प्रयास में उनके ऊपर वाहन का पहिया चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर हैलट रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी सरिता और दो बच्चे हैं। कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।