
PARDARSHI VIKASH NEWS शुक्रवार तड़के मौसम ने अचानक करवट ली। रात करीब 12 बजे तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जो सुबह होते-होते गरज-चमक और तेज बारिश में बदल गई। बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली तथा मौसम सुहावना हो गया। कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने राहत की सांस ली।तेज आंधी का सबसे ज्यादा असर आम के बागों पर पड़ा। जिले के कई गांवों में बड़ी संख्या में आम पेड़ों से टूटकर जमीन पर गिर गए। इससे बागवानों और आम उत्पादकों को नुकसान उठाना पड़ा है। किसानों का कहना है कि आम की फसल पकने के अंतिम चरण में है और ऐसे समय में तेज हवा व बारिश से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकती हैं।आंधी और बारिश से बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई ग्रामीण इलाकों में रात से ही बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं।कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने पहले ही 29 से 31 मई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई थी। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।