
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया (कुशीनगर)। खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में रविवार का दिन ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए खास रहा। सपहा रोड स्थित आर्या ताइक्वांडो एवं योग फिटनेस सेंटर में ताइक्वांडो एसोसिएशन कुशीनगर की ओर से आयोजित कलर बेल्ट परीक्षा में जिले के विभिन्न क्लबों के 63 खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें अगले बेल्ट स्तर पर पदोन्नत किया गया।परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों के पंच, किक, संतुलन, आत्मरक्षा तकनीक, अनुशासन और फिटनेस का गहन मूल्यांकन किया गया। सफल प्रतिभागियों में राहुल भारती, दिलीप कुमार और सेल्वी को व्हाइट बेल्ट से येलो बेल्ट प्रदान की गई। वहीं रानी यादव को येलो स्ट्रिप से ग्रीन स्ट्रिप, अनन्या सिंह को येलो बेल्ट से ग्रीन बेल्ट तथा संस्कृति सिंह को ग्रीन स्ट्रिप से ब्लू स्ट्रिप की पदोन्नति मिली। बेल्ट मिलने पर खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।ताइक्वांडो एसोसिएशन कुशीनगर के वरिष्ठ सचिव एवं कोच दीपक कुमार मद्धेशिया ने कहा कि ताइक्वांडो केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की प्रभावी कला है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण जारी रखने की प्रेरणा देते हुए कहा कि लगातार प्रयास करने वाले खिलाड़ी ही ब्लैक बेल्ट जैसी प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।परीक्षा को सफल बनाने में संजना श्रीवास्तव, बिंदु गुप्ता, श्वेता वर्मा, मनीषा कुशवाहा और धीरज यादव ने सहायक परीक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी शुभम यादव, ऋषभ शर्मा, धीरज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।