
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। झूंसी थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी योजना-3 में मॉर्निंग वॉक पर निकली टीएसआई की पत्नी से चेन लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीनों आरोपी एक ही बाइक से वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, महिला सुबह टहल रही थीं, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। झपट्टा लगने से महिला सड़क पर गिर गईं, लेकिन आरोपी चेन छीनने में सफल नहीं हो सके। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। घटना के दौरान एक ऑटो बीच में आ जाने से छिनैती का दृश्य कैमरे में कैद नहीं हो सका, हालांकि आरोपियों के भागने और महिला की बदहवास हालत फुटेज में साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। झूंसी थाना प्रभारी महेश मिश्रा ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है।