news-details

शतचंडी महायज्ञ में उमड़ा आस्था का सैलाब

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, देवरिया

देवरिया जिले के आदर्श नगर पंचायत हेतिमपुर के वार्ड नंबर 11 मठिया में आयोजित नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ के आठवें दिन सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिला। महायज्ञ परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं रामलीला मंचन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा पांडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।अयोध्या धाम से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रामलीला में शबरी के जूठे बेर, प्रभु श्रीराम और हनुमान मिलन, सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता माता की खोज और अशोक वाटिका जैसे प्रसंगों का जीवंत मंचन किया गया। कलाकारों के अभिनय और संवादों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।मुख्य अतिथि भाजपा नेता डॉ. विनय राव ने कहा कि सनातन धर्म में शतचंडी महायज्ञ का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि यज्ञशाला देवताओं का निवास स्थान होती है और इसकी परिक्रमा मात्र से व्यक्ति के जाने-अनजाने पापों का नाश होता है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, माताओं-बहनों और बच्चों को बधाई दी।नगर अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन त्याग, सेवा, कर्तव्य और परिवार के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन नहीं बल्कि समाज को संस्कार देने का माध्यम है।भाजपा नेता सर्वेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकता के सूत्र में बांधते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं।इस अवसर पर भाजपा महामंत्री धनंजय त्रिपाठी, मार्कण्डेय पटेल, सुनील गुप्ता, सभासद रवि शर्मा, मैना सिंह, तामेश्वर मणि त्रिपाठी, संजय उर्फ पप्पू तिवारी, अमन तिवारी, संतोष गुप्ता, शैलेश सिंह, विपिन तिवारी, दिग्विजय नाथ तिवारी, प्रियेश तिवारी, रमेश जायसवाल, विनोद सिंह, वेद प्रकाश सिंह सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।