news-details

शरदकालीन गन्ना बुवाई से बढ़ेगा उत्पादन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / हाटा, कुशीनगर।

शरदकालीन गन्ना बुवाई को बढ़ावा देने और किसानों को वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड, हाटा की ओर से गुरुवार को ग्राम लालीपार खास में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें 100 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया। चीनी मिल के अधिकारियों ने किसानों को उन्नतशील गन्ना प्रजातियों को अपनाने, संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।गोष्ठी को संबोधित करते हुए चीनी मिल के सहायक उपाध्यक्ष (गन्ना) मनोज कुमार विश्नोई ने शरदकालीन गन्ना बुवाई की तकनीक, संतुलित उर्वरकों के इस्तेमाल और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उचित कृषि प्रबंधन और उन्नत तकनीकों को अपनाकर किसान गन्ने की बेहतर पैदावार प्राप्त कर सकते हैं।चीनी मिल के डिप्टी यूनिट हेड आरएस ढाका ने किसानों को मिल की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने गन्ने की कटाई-छिलाई के दौरान श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही कृषि कार्यों में मशीनीकरण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कटाई-छिलाई से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं से किसानों को अवगत कराया।वहीं, चीनी मिल के कारपोरेट केन हेड राजीव शर्मा ने किसानों से नवीन उन्नतशील गन्ना प्रजातियों की बुवाई करने की अपील की। उन्होंने अस्वीकृत प्रजातियों को धीरे-धीरे खेती से हटाकर उनके स्थान पर उपयुक्त उन्नत प्रजातियां अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर उत्पादन के लिए सही प्रजाति का चयन और नवीन कृषि तकनीकों का उपयोग महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक महेश तिवारी, चीनी मिल के सुपरवाइजर और क्षेत्र के 100 से अधिक किसान उपस्थित रहे। गोष्ठी के माध्यम से किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई के प्रति जागरूक करने, उन्नत प्रजातियों को बढ़ावा देने और गन्ना उत्पादन में सुधार लाने का संदेश दिया गया।