news-details

शिवपाल यादव ने राम मंदिर चोरी मामले पर सरकार को घेरा

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अयोध्या स्थित भगवान राम मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। शुक्रवार सुबह अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर जैसी पवित्र जगह पर चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति भगवान राम के मंदिर में चोरी कर सकता है, वह सबसे बड़ा अधर्मी है और इस मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।शिवपाल यादव ने कहा कि भगवान राम मंदिर जैसी जगह को भी नहीं छोड़ने वाले लोग जनता के हितों की रक्षा कैसे कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार और बेईमानी बढ़ गई है। आम जनता, किसान, व्यापारी और गरीब परेशान हैं। बिना पैसे के लोगों के काम नहीं हो रहे हैं और सरकारी व्यवस्था में लगातार समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठा रही है।भाजपा से संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी का भाजपा से किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है और न ही कोई राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना है। भाजपा के सहयोगी दलों के नेताओं के बयानों पर उन्होंने कहा कि ऐसे लोग सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिए बयानबाजी करते रहते हैं।राम मंदिर चोरी प्रकरण पर उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और आने वाले समय में इतिहास में दर्ज होगी। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को ऐसी सजा दी जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।