
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र और जिले से जुड़ी कई जनसमस्याओं को उठाया। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला।शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और भीषण गर्मी के बावजूद लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी खराब है, जहां लंबे समय तक बिजली कटौती से जनता परेशान है।किसानों की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने कहा कि धान की बुवाई का समय चल रहा है, लेकिन नहरों में पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से तत्काल सिंचाई व्यवस्था सुधारने की मांग की।शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और प्रतियोगी छात्रों में निराशा बढ़ रही है।उन्होंने बिना नाम लिए भाजपा के कुछ नेताओं पर भी कटाक्ष किया और कहा कि जनता 2027 के चुनाव में जवाब देगी। साथ ही भाजपा पर विपक्षी दलों के खिलाफ जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।शिवपाल यादव ने दावा किया कि जनता अब महंगाई, बेरोजगारी और बिजली संकट से परेशान है और आने वाले चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा।