
PARDARSHI VIKASH NEWS भाजपा युवा मोर्चा नेता शिवम सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक के बाद एसीपी विभूतिखंड विनय द्विवेदी को हटाकर ट्रैफिक विभाग भेज दिया गया, जबकि विभूतिखंड और गोमतीनगर विस्तार के इंस्पेक्टरों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।विभूतिखंड सर्किल की नई जिम्मेदारी सौम्या पांडेय को सौंपी गई है। उन्हें सोशल मीडिया सेल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, विभूतिखंड थाना प्रभारी अमर सिंह और गोमतीनगर विस्तार के इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।25 मई को सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में भाजपा युवा मोर्चा नेता शिवम सिंह पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल शिवम की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों—शांतनु, हनी तिवारी और विवेक सिंह—को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद किया गया है। चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्याकांड समेत हाल के अन्य चर्चित मामलों में पुलिस की भूमिका की समीक्षा जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।