
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शिव शक्ति अखाड़ा के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 25 अक्टूबर को किदवई नगर स्थित रतनलाल शर्मा स्टेडियम में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस एवं शस्त्रोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों के तहत रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यक्रम की सफलता और सनातन संस्कृति की उन्नति के लिए प्रार्थना की गई।आयोजकों के अनुसार, स्थापना दिवस समारोह में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ शस्त्रों से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भूमि पूजन के अवसर पर प्रदेश संरक्षक डॉ. शिवदत्त जी, पीठाधीश्वर ब्रह्मदेव सरकार, महामंडलेश्वर 108 श्री कृष्णदास जी महाराज, अंतरराष्ट्रीय कथावाचक श्री शिवाकांत जी महाराज तथा विधायक महेश त्रिवेदी सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।अखाड़ा पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन को लेकर 15 अक्टूबर को गैंजेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी गई थी। अब भूमि पूजन के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों ने पत्रकार बंधुओं से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।