
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में स्थित शिव मंदिर को सोमवार तड़के चोरों ने निशाना बनाया। चोर मंदिर में घुसे और शिवलिंग पर लटकाई गई पीतल की मटकी और नाग के जोड़े चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जानकारी के अनुसार, योगेंद्र विहार खाड़ेपुर निवासी राघवेंद्र चौहान ने बताया कि शिव मंदिर का निर्माण करीब पांच साल पहले ननकू गुप्ता ने कराया था, जो इसकी देखरेख भी करते हैं। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे एक युवक हाथ में झोला लेकर मोबाइल पर बात करते हुए मंदिर पहुंचा। पहले उसने कुछ देर रेकी की और फिर मंदिर के अंदर घुसकर मात्र डेढ़ मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।सुबह करीब 6 बजे जब ननकू गुप्ता मंदिर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची हनुमंत विहार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी स्पष्ट रूप से कैद मिला।थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।