
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के पथरामई गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान दावत में बैठने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घटना में तीन लोग घायल हो गए, जबकि पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष ने अवैध असलहों से पांच से अधिक हवाई फायरिंग भी की। गोली चलने की आवाज से शादी में मौजूद महिलाएं और बच्चे घबरा गए तथा कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार, पथरामई निवासी दलेल सिंह यादव की बेटी का विवाह समारोह चल रहा था। रात करीब नौ बजे दावत के दौरान पलितपुरा गांव निवासी छब्बे सिंह अपने साथियों के साथ समारोह में पहुंचे। इसी दौरान भोजन में बैठने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कंपिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया।पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी लेकर जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।