
PARDARSHI VIKASH NEWS भोपाल की एक युवती ने उदयपुर निवासी युवक पर शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद परेशान करने और डिजिटल उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि युवक ने उसकी फर्जी तस्वीरें बनाईं, नकली शादी के कार्ड छपवाकर बांटे और ऑनलाइन कैब बुकिंग के जरिए परिवार को परेशान किया। करीब एक साल से चल रहे मामले की शिकायत अब महिला आयोग तक पहुंच गई है। युवती के अनुसार, उसकी बहन ने शादी के लिए एक ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म पर प्रोफाइल बनाई थी, जहां उसकी बातचीत युवक से हुई। परिवार की मौजूदगी में मुलाकात के बाद रिश्ता आगे नहीं बढ़ाया गया। आरोप है कि इसके बाद युवक लगातार कॉल और मैसेज करने लगा। नंबर ब्लॉक करने के बाद भी उसने अलग-अलग नंबरों से संपर्क किया। युवती का दावा है कि आरोपी ने उसके घर के पते पर ओला, उबर और रैपिडो से सैकड़ों कैब बुक कराईं, जिससे परिवार और ड्राइवर दोनों परेशान हुए। इसके अलावा फर्जी शादी के निमंत्रण पत्र बांटने और एआई की मदद से नकली तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर फैलाने का भी आरोप लगाया गया है। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, किसी की मॉर्फ्ड तस्वीरें बनाना निजता का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में आईटी एक्ट व अन्य कानूनों के तहत कार्रवाई हो सकती है। युवती ने महिला आयोग से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।