news-details

शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाई जा रही बकरीद

You can share this post!

 


जिले की सभी मस्जिदों में नमाज सम्पन्न

PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी।  जिले में बकरीद का पर्व शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाया जा रहा है। ईदुल अजहा के अवसर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस के सभी अधिकारी भ्रमण शील है। बकरीद की नमाज जिले की सभी मस्जिदों में सुबह सात बजे से आठ बजे तक सम्पन्न हो गई है। गुरुवार को जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ईद की नमाज के अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कस्बा जायस पहुंचकर वहां के धर्मगुरुओं, मस्जिदों के इमामों एवं मौलानाओं से मुलाकात कर वार्ता की। इस दौरान उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मिल-जुलकर पर्व मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं धर्मगुरुओं से प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की। जनपद भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ईदगाहों एवं संवेदनशील स्थलों पर तैनात पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेटों से भी जानकारी प्राप्त की। ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तिलोई अमित सिंह, क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारीगण मौजूद रहे।