
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और उसके नाम पर लाखों रुपये का लोन कराने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले पांच महीने से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया।पीड़िता, जो नानकारी आईआईटी क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि जनवरी 2026 में उसकी पहचान जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए साहिल अरोरा से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर भरोसा जीत लिया और 18 जनवरी को कानपुर आकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का झांसा देकर शोषण करता रहा।आरोप है कि आरोपी ने युवती के निजी दस्तावेज और बैंक जानकारी लेकर उसके नाम पर बजाज फाइनेंस और टीवीएस फाइनेंस से करीब ढाई लाख रुपये के तीन लोन भी करा दिए। इसके अलावा 55 हजार रुपये नकद भी ले लिए। बाद में युवती के खातों का गलत इस्तेमाल कर उन्हें बंद करा दिया गया।जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने कल्याणपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।पुलिस ने मंगलवार को आरोपी साहिल अरोरा को कल्याणपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।