news-details

शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। फीलखाना थाना क्षेत्र के मनीराम बगिया में गुरुवार देर रात चार मंजिला मकान की ग्राउंड फ्लोर पर बनी चार दुकानों में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ऊपरी मंजिल पर रह रहे चार परिवार फंस गए और इलाके में हड़कंप मच गया।सूचना पर फीलखाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गली और घनी आबादी के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कत आई। फायर कर्मियों ने छतों के रास्ते रेस्क्यू कर सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में दुकानों के शटर काटकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।इस दौरान चंदन वर्मा की ताला-चाभी की दुकान, मनोज कुमार खंडेलवाल की स्टेशनरी दुकान और सुनील कुमार गुप्ता की दो कपड़े की दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग ने विकराल रूप लेते हुए पूरी चार मंजिला इमारत को प्रभावित कर दिया और आसपास खड़ी पांच गाड़ियां भी जल गईं।करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।