
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महामना मालवीय मिशन कानपुर बुंदेलखंड प्रांत के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर आर्य नगर स्थित श्री रामकृष्ण प्रज्ञा भवन में संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का विषय “शिक्षक दिवस एवं डॉ. राधाकृष्णन” रहा। शुभारंभ महामना मदन मोहन मालवीय और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।मुख्य वक्ता महामना मालवीय मिशन केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. दिवाकर मिश्र ने कहा कि भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने 1962 में अपने जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने का आग्रह किया था, जिसे देशवासियों ने स्वीकार किया। तभी से पांच सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिन केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करने की परंपरा भी जारी है। संगोष्ठी की अध्यक्षता प्रोफेसर शोभा मिश्रा ने की तथा संचालन मिशन की कोषाध्यक्ष अनु कपूर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विवेक मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में मालवीय मिशन के सदस्य और शिक्षक उपस्थित रहे।