
पारदर्शी विकास ब्यूरो | खड्डा-कुशीनगर
जटहा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम पकहां लूकपुर स्थित जहीरुल उलूम निस्वा गर्ल्स मदरसा में शुक्रवार को शिक्षक दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष पांच सितंबर को शिक्षक दिवस महान शिक्षाविद्, दार्शनिक और देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता जहां बच्चे को जीवन देते हैं, वहीं शिक्षक उसे सही दिशा और उद्देश्य प्रदान करते हैं। शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को अच्छा इंसान बनने, सही और गलत में अंतर समझने तथा जीवन की कठिन परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने की सीख भी देते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए छात्राओं ने कहा कि गुरुजनों का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा और संस्कार के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान प्रधानाचार्य सलमा खातून, अब्दुल कलाम आजाद, जहीरूद्दीन अंसारी, हाजरा खातून, रबेतुन निशा, मोहम्मद राजा, काजल सहित तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।