
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा की शाही ईदगाह पर गुरुवार सुबह 6:47 बजे ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। नमाज के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की गई।हजारों नमाजियों ने एक साथ सजदा कर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में त्योहार को लेकर उत्साह दिखाई दिया।नमाज के बाद उत्तर प्रदेश मुस्लिम पंचायत के कुछ सदस्य पोस्टर लेकर पहुंचे और गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। पंचायत पदाधिकारियों ने कहा कि गाय की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए और समाज में सौहार्द बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गौ रक्षा के नाम पर माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, जबकि सभी धर्मों के लोगों को मिलकर भाईचारे के साथ रहना चाहिए।डीसीपी सिटी ने बताया कि शहर की 181 मस्जिदों में भी नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई, वहीं सोशल मीडिया पर भी नजर रखी गई ताकि किसी प्रकार की अफवाह न फैल सके। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।