
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के कैंट थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुश्तैनी मकान में बने शौचालय के इस्तेमाल को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, ककरही बाजार निवासी मौजीराम यादव और उनके छोटे भाई राधेश्याम यादव के बीच लंबे समय से पुश्तैनी मकान में बने शौचालय को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह जब राधेश्याम शौचालय का उपयोग करने पहुंचे तो बड़े भाई मौजीराम ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।विवाद बढ़ने पर मौजीराम घर से चारपाई का पाटा लेकर आए और राधेश्याम पर हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान मौजीराम की पत्नी और बेटे ने भी राधेश्याम को पकड़ लिया, जिसके बाद उन पर लगातार वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण राधेश्याम की मौके पर ही मौत हो गई।शोर सुनकर राधेश्याम की पत्नी बचाव के लिए पहुंची, लेकिन उसके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी मौजीराम यादव और उसकी पत्नी मीना देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। परिवार के भीतर चल रहा पुराना विवाद इस दर्दनाक घटना का कारण बना है।