news-details

SGPGI में वार्ड के अंदर बुजुर्ग मरीज की संदिग्ध मौत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। SGPGI के लिवर ट्रांसप्लांट यूनिट (LTU) वार्ड में सोमवार तड़के एक बुजुर्ग मरीज का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। मरीज के गले पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पास से एक खून से सना सर्जिकल ब्लेड भी बरामद हुआ है। मृतक की पहचान बस्ती निवासी 61 वर्षीय मुस्ताक अली के रूप में हुई है, जो लिवर कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के चलते 21 अप्रैल से अस्पताल में भर्ती थे। घटना के समय उनके सगे भाई भी वार्ड में मौजूद थे, लेकिन उन्हें किसी तरह की आवाज या हलचल का पता नहीं चला। सुबह करीब साढ़े चार से छह बजे के बीच घटना सामने आई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। हालांकि पास में मिला ब्लेड कई सवाल खड़े कर रहा है। वार्ड में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है। परिजनों और मरीजों के साथ मौजूद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वार्ड में सुरक्षा और निगरानी की कमी के कारण इस तरह की घटना संभव हुई। SGPGI प्रशासन के अनुसार मरीज एडवांस स्टेज कैंसर से पीड़ित थे और उनका इलाज गैस्ट्रो सर्जरी विभाग में चल रहा था। अस्पताल ने बताया कि घटना से पहले मरीज की हालत स्थिर थी, लेकिन अचानक उनकी स्थिति बिगड़ने की सूचना मिली। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।