
सीएम के सामने खुला कानपुर दक्षिण का दर्द
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र और शहर के विकास से जुड़े कई मुद्दे उठाए। लंबे समय बाद हुई इस मुलाकात में विधायक ने कानपुर दक्षिण को अलग जिला बनाने, सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री के सामने मांगें रखीं। विधायक ने ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा (जूही अंडरपास) से अफीमकोठी तक प्रस्तावित दो लेन आरओबी के निर्माण के लिए बजट जारी करने का मुद्दा उठाया। करीब 424 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से जूही खलवा पुल और आसपास के क्षेत्र में लगने वाले जाम तथा जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है। वहीं विधायक ने नौबस्ता में बनकर तैयार 100 बेड के अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। बताया गया कि अस्पताल का निर्माण हुए तीन साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अस्पताल शुरू होने से दक्षिण क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकती हैं। किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र की जमीनी हकीकत पर नजर डालें तो यहां सड़क खराबी, जगह-जगह गड्ढे, जलभराव और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याएं लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी बनी हुई हैं। बारिश के मौसम में कई इलाकों में जलभराव से आवागमन प्रभावित होता है और लोगों को रोजमर्रा की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। विधायक ने गोविंद नगर मार्केट को लखनऊ के हजरतगंज की तर्ज पर विकसित करने और कानपुर दक्षिण को अलग जिला बनाने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि अलग जिला बनने से प्रशासनिक कामों में तेजी आएगी और लोगों को सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। अब देखने वाली बात होगी कि मुख्यमंत्री के सामने रखे गए इन मुद्दों पर कितनी तेजी से काम शुरू होता है। क्योंकि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क, जलभराव, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान का इंतजार कर रही है।