
पारदर्शी विकास न्यूज़ फर्रुखाबाद
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने बताया कि अप्रैल 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में 11.11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि मृतकों की संख्या में 26.31 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं क्रमिक आधार पर दुर्घटनाओं और मृतकों दोनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस और परिवहन विभाग को सख्त प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए।डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्ट्रीट लाइटों के खराब रहने पर नाराजगी जताई और सभी लाइटों को तुरंत ठीक कराने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही फतेहगढ़-कानपुर मार्ग पर झाड़ियों और पेड़ों की छंटाई कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को वन विभाग के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए। हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना को देखते हुए डीएम ने तिपहिया वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए।बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी लिंक रोड जंक्शनों पर स्पीड ब्रेकर और व्हाइट पेंटिंग का काम 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाए, ताकि सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।