
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। बैठक में जिले में बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।डीएम ने एनएचएआई को महोबा-छतरपुर मार्ग पर किडारी फाटक से कलेक्ट्रेट मोड़ तक बने स्पीड ब्रेकरों को टेबल-टॉप बनाकर जल्द पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट में सुधार और जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को सभी वाहनों की फिटनेस जांच जल्द पूरी कराने को कहा। साथ ही वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, मोबाइल फोन और आपातकालीन खिड़की जैसे सुरक्षा मानकों की जांच कराने के निर्देश दिए।बैठक में महोबा, चरखारी और कुलपहाड़ क्षेत्र में दुर्घटना का कारण बन रहे अवैध अतिक्रमण हटाने और हाईवे किनारे जलभराव की समस्या पैदा करने वाले वाहन धुलाई केंद्रों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इस दौरान पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज समेत कई अधिकारी और संगठन प्रतिनिधि मौजूद रहे।