news-details

सड़क सुरक्षा के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार

You can share this post!

जिलाधिकारी की पहल

पारदर्शी विकास न्यूज़  हमीरपुर। जनपद में सड़क हादसों की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने व्यापक सड़क सुरक्षा कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी है।यह योजना हमीरपुर और राठ विधानसभा क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। विभागीय तकनीकी टीम द्वारा सभी प्रमुख, राज्य और ग्रामीण मार्गों का सर्वे कर दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित किया गया है।योजना के तहत सड़क सुरक्षा के आधुनिक मानकों को लागू किया जाएगा, जिसमें प्रमुख रूप से रोड साइनेज, जेब्रा क्रॉसिंग, कैट आई, एज लाइन, स्पीड टेबल, डेलीनेटर, मीडियन मार्कर, स्पीड लिमिट बोर्ड और टी-जंक्शन/वाई-जंक्शन चेतावनी संकेत शामिल हैं।भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, स्कूलों, अस्पतालों और बाजारों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। तेज मोड़ों और पुलों पर रिफ्लेक्टिव चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को समय रहते सतर्क किया जा सके।रात्रि और कोहरे के दौरान दृश्यता बढ़ाने के लिए हाई क्वालिटी रिफ्लेक्टिव मार्किंग और संकेतक लगाए जाएंगे। साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण किया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस योजना के लागू होने से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी। शासन से स्वीकृति मिलते ही कार्यों को चरणबद्ध तरीके से शुरू कराया जाएगा।