
पुराने वाहनों पर रखें विशेष निगरानी : डीएम
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट, सड़क सुधार कार्यों तथा यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रोड पैच सुधार, रिफ्लेक्टर एवं रोड मार्किंग के कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं तथा जहां कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए, बैठक में स्कूली वाहनों एवं बसों की नियमित जांच, फिटनेस एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच तथा 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई, टोल प्लाजा पर कांटा, क्रेन, कटर व एम्बुलेंस की उपलब्धता, तथा प्रमुख चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था, संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि चालान एवं जुर्माना की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाए, साथ ही जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ अंशुमान सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रमेश चंद्र, एआरटीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी, बीएसएम संजय तिवारी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एन एच आई की मनमानी से अफसर दुखी
राजामऊ नहर पटरी मार्ग अपना स्वरूप खो चुका है।इस मार्ग की विशेष मरम्मत/नवीनीकरण के काम को लेकर सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लगभग आठ महीने से चर्चा पर चर्चा हो रही है। मार्ग का निर्माण सिंचाई विभाग बाराबंकी को कराना है।लोक निर्माण विभाग की ओर से सिंचाई विभाग को धनराशि उपलब्ध कराने पर बैठक में सहमति हुई है।लोक निर्माण विभाग की ओर से एन एच आई को कई पत्र भेजे गए हैं।एन एच आई के अधिकारी कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह के विधानसभा क्षेत्र के इस जर्जर मार्ग की दुर्दशा से अधिकारी दुखी हैं। जनता को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के पहले यदि मार्ग की मरम्मत न हुई तो जनता को भारी मुसीबतें उठानी पड़ेगी।