
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिले में रोड सेफ्टी अभियान तेज कर दिया गया है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार मुख्य मार्गों के किनारे बारिश में बढ़ी झाड़ियों की सफाई कराई जा रही है। इससे वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिल सकेगी। नशे की हालत में वाहन चलाने और निर्धारित गति से अधिक तेज वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।सड़क सुरक्षा समिति के सचिव एवं अधिशासी अभियंता इंजीनियर रमेश चंद्र ने निर्माण खंड और प्रांतीय खंड के सहायक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा कार्ययोजना का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं।आंकड़ों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में कमी आई है। जून 2025 में जिले में 41 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि जून 2026 में यह संख्या घटकर 38 रही। जनवरी से जून 2025 के बीच सड़क दुर्घटनाओं में 195 लोगों की मौत हुई थी, जबकि इसी अवधि में 2026 में 173 मौतें दर्ज की गईं।हालांकि, जीरो फैसिलिटी डिस्ट्रिक्ट के तहत चिह्नित पांच स्थानों पर जेबा क्रासिंग, साइनेज बोर्ड और स्पीड ब्रेकर का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। ट्रैफिक कामिंग मेजर्स के तहत चिह्नित जंक्शनों पर 161 सुधार कार्य भी लंबित हैं। गुंवावा मोड़, सगरा आश्रम गेट, चौधीपुर तिराहा, पूरब गांव चौराहा और सरेसर मोड़, जगदीशपुर में भी कार्य अधूरे हैं।कमरौली रेलवे क्रासिंग के लिए 14.51 करोड़ स्वीकृतकमरौली रेलवे क्रासिंग पर सुधार कार्य के लिए सरकार ने 14.51 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। डीएम ने कार्यदायी संस्था को तीन माह में निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए हैं।वहीं तिलोई क्षेत्र के राजामऊ नहर पटरी मार्ग की विशेष मरम्मत का प्रस्ताव एनएचएआई ने अस्वीकार कर दिया है। प्राधिकरण ने सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा से बाहर बताते हुए कार्य कराने से मना किया है।रमेश चंद्र ने कहा कि अधिकांश हादसे नशे में वाहन चलाने और ओवरस्पीडिंग के कारण होते हैं। सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है।
सड़क दुघर्टनाओं को कम करने के लिए सभी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकांश दुर्घटनाएं नशा की स्थिति में वाहन चलाने और ओवर स्पीडिंग के कारण हो रही हैं। दुर्घटना से देर भली के संदेश को अमल में लाना सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरी है।-इंजीनियर रमेश चंद्र ,अधिशासी अभियंता ,सचिव सड़क सुरक्षा समिति, अमेठी