
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी
मुंशीगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग पर स्थित आजाद नगर चौराहे के पास गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक, मृतकों में पूरब निवासी 16 वर्षीय करन कोरी और सुल्तानपुर के अकारीपुर निवासी 20 वर्षीय अर्जुन व 23 वर्षीय अंकित शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अकारीपुर के दोनों युवक ननिहाल से अपने घर लौट रहे थे। तभी रात करीब सवा दस बजे आजाद नगर चौराहे के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। अंतिम संस्कार के दौरान गांव में मातम पसरा रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।