
परिजनों की चीख-पुकार से गूंज उठा मोहल्ला
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चाचा-भतीजे के शव सोमवार सुबह घर पहुंचे तो पूरा इलाका गमगीन हो गया। घर के बाहर और भीतर परिजनों की चीख-पुकार मच गई और हर आंख नम हो गई।मृतक अवनीश की पत्नी अर्चना अपने पति के शव से लिपटकर रोती रही, जबकि 6 वर्षीय मासूम अनुभव उर्फ हरिओम की मां बेटे के शव को बार-बार सीने से लगाकर बिलखती रही। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं।जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आईआईटी सोसायटी माधवपुरम निवासी अवनीश (40) अपने चार बच्चों के साथ रविवार दोपहर बाइक से जा रहे थे, तभी बिठूर क्षेत्र के मंधना-नारामऊ मार्ग पर तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।अस्पताल में इलाज के दौरान अवनीश और उनके भतीजे अनुभव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों का इलाज जारी है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोडर चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह रास्ता भटक गया था और गलत दिशा में वाहन चला रहा था, जिसके कारण हादसा हुआ।पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।