
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ
इंदिरानगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रात करीब 10 बजे सेक्टर-25 इलाके में हुआ, जब कल्याणपुर निवासी अनास अपनी यामाहा R15 स्पोर्ट्स बाइक से मौसेरे भाई अयान के साथ मुंशी पुलिया की ओर जा रहा था। तभी अचानक किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान अनास को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, अयान की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका निजी अस्पताल में उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार, मृतक अनास 11वीं कक्षा का छात्र था और उसके पिता टेलरिंग का काम करते हैं। परिवार इस हादसे से गहरे सदमे में है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके।