
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। विजयनगर सब्जी मंडी चौराहा से मरियमपुर चौराहे तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का सोमवार को विधिवत भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। करीब 5.53 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का शुभारंभ सांसद रमेश अवस्थी और विधायक सुरेंद्र मैथानी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि विजयनगर सब्जी मंडी से मरियमपुर तक का मार्ग क्षेत्र की लाइफलाइन है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। सड़क संकरी होने के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा सड़क चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के नेतृत्व में शहर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस सड़क के चौड़ीकरण से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।